स्वामी विवेकानंद और अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर विचार गोष्ठी एवं मकर संक्रांति महोत्सव का आयोजन

 प्रफुल्ल पांडेय खबर मार्निंग

नोएडा। आरजी रेजिडेंसी, सेक्टर-120 में स्वामी विवेकानंद और अहिल्याबाई होल्कर की जयंती एवं मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में एक विचार गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ. मुनीश प्रकाश अग्रवाल ने किया।  

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक प्रवीर कुमार, कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रवीण कुमार और विशिष्ट अतिथि अशोक कुमार शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि का शाल और श्रीफल देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर आरजी रेजिडेंसी के वरिष्ठतम नागरिक एम.डी.एम. शर्मा (90 वर्ष) का भी शाल और श्रीफल से अभिनंदन किया गया।  

कार्यक्रम में सरस्वती वंदना की प्रस्तुति स्वधा सिंह और पायल ने की, जबकि छोटे बच्चों देवयानी, जीविका, शिवांशी, चार्वी, अनया और आद्विक मोघे ने महापुरुषों के जीवन पर अपने विचार व्यक्त कर सभी को प्रेरित किया।  

मुख्य अतिथि और अन्य वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद और अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महापुरुष राष्ट्र की जीवनी शक्ति होते हैं। स्वामी विवेकानंद ने अपनी राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान से भारतीय संस्कृति की ध्वजा को विश्व स्तर पर फहराया। वहीं, अहिल्याबाई होल्कर ने कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए एक सशक्त और समृद्ध राज्य की स्थापना की। उनके सुशासन को इतिहास में महानतम उदाहरण माना गया है।  

कार्यक्रम में राम नारायण मोघे ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावमय बना दिया। अतिथियों ने बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का संचालन लक्शेंद्र प्रताप सिंह ने किया।  

समारोह में आरजी रेजिडेंसी के अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, हृषिकेश भावे, अनिल वत्स, श्रीनिवास, ललित कपूर, डॉ. मुनीश प्रकाश अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, आरसी सेठ, रजनी अग्रवाल, शिव अवस्थी, डॉ. गणपत राय, मधु सक्सेना, निशा भावे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति और बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन "वंदे मातरम" के साथ किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post