हापुड़। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जनपद में सतर्कता बढा दी गई है। जनपद के नगर व ग्रामीण इलाकों में पुलिस ने अपने लाव-लश्कर के साथ गुरुवार की रात को गश्त की। पुलिस ने गश्त के दौरान नागरिकों से वार्ता कर पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया।
जनपद में अपराध नियंत्रण व शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने गुरुवार की रात पूरे पुलिस बल के साथ हापुड नगर के विभिन्न इलाको मे गश्त की। पुलिस गश्त का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भाव जागृत करना था। उन्होने लोगों को आश्वस्त किया कि पुलिस नागरिकों को सुरक्षा के लिए पूरी तरह से सतर्क है। सभी लोग अपना दायित्व समझकर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को अवश्य दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त पुलिस ने सुरक्षा के मद्दे नज़र जनपद के अन्य स्थानों में भी गश्त की।